नवाबगंज। डीजे पर डांस को लेकर लाठी-डंडे चलने से चार लोग घायल हो गए। घायल की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर सभी का मेडिकल कराया।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी कमलेंद्र सिंह के यहां रविवार की रात को बहन की बारात आई थी। जयमाला के दौरान बाराती डांस कर रहे थे। उसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा। वह गाली-गलौज करने लगा। कमलेंद्र के विरोध करने पर युवक व उसके साथियों ने मारपीट कर दी। गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को अलग करके मामले को रफा-दफा कर दिया। सोमवार की सुबह युवक अपने साथियों के साथ कमलेंद्र के घर पहुंचा और गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कमलेंद्र के सिर पेट में चोट लग गई। शोर सुनकर बहन रमा देवी व बहनोई ध्रुव सिंह,चचेरे भाई संजय कुमार ने बचाने का प्रयास किया। इस पर युवक व उसके साथियों ने उनको भी मारपीट कर घायल कर दिया। कमलेंद्र ने युवक व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर ग्रामीणों के बयान लिए। घायलों का मेडिकल कराया गया। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।