संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। लगातार बढ़ रही बाढ़ की विभीषिका को देखने के लिए पहुंचे सांसद, डीएम व एसपी से ग्रामीणों ने शिकायत की। अधिकारियों ने बाढ़ से घिरे गांव के लोगों को शरणालय भेजने के निर्देश दिए।
गुरुवार को सांसद मुकेश राजपूत, डीएम संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, एसडीएम यदुवंश कुमार ढाई घाट रोड चौराहार गांव के सामने पहुंचे। मुख्य मार्ग पर चल रहे पानी का जायजा लिया। मुख्य मार्ग पर बह रहे पानी में ट्रैक्टर और बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिलों का आवागमन होता था। पानी ज्यादा होने पर ट्रैक्टर और बैलगाड़ी को बंद करा कर नाव से आवागमन शुरू कराया गया।
गुटैटी दक्षिण के प्रधान रामपाल यादव ने डीएम से गांव के कुछ दबंगों की शिकायत की। बताया कि वह नाव पर अवैध वसूली करते हैं। जब मना किया तो जानमाल की धमकी दी। डीएम ने थानाध्यक्ष को मामले को देखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए दबंगों को पकड़ने के सख्त आदेश दिए। सांसद मुकेश राजपूत ने अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर नाव चलाने के साथ ही बाढ़ शरणालयों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
चाचूपुर में घरों में पानी,सड़क पर बंधे की तरह धार
कमालगंज। फिर से आई बाढ़ में चाचूपुर के लोगों पर मुसीबत टूट पड़ी। पंद्रह घरों में 2 फिट पानी भर गया। पक्की सड़क पर बंधे की तरह धार बह रही है। जंजालीनगला में सामुदायिक शौचालय के गड्ढे धंस गए। पंचायत घर के चारों ओर पानी भरने से वहां पहुंचना बंद हो गया। पिछले माह से भी इस बार ज्यादा हालात खराब हो गए हैं। मलखान, सुभाष, संतराम, रामनरेश, अमरसिंह, बच्चनलाल, वीरपाल, फूलमती, रघुनंदन, बलबीर, रामबरन सहित 15 घरों में बाढ़ का पानी भर गया। घरों में रखा सामान खराब हो गया। खाने-पीने, शौच आदि की समस्या से लोग परेशान हैं। प्रधान पप्पू यादव ने कहा कि पिछली बार से इस बार ज्यादा हालत खराब है।