फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के आदेश पर बांट-माप विभाग में बाजारों में छापा मारा तो मिठाई विक्रेताओं सहित 21 दुकानों पर घटतौली पकड़ी गई। एक किलोग्राम सामग्री पर 50 से 110 ग्राम डंडी मारी जा रही थी। इन दुकानदारों का चालान काटा गया।
त्योहार पर मिष्ठान विक्रेता डिब्बा सहित मिठाई तौलकर खुलेआम घटतौली कर रहे हैं। हालांकि यह खेल पूरे वर्ष चलता है। विधिक माप विज्ञान के अधिकारी अक्सर त्योहारों पर ही बाजार में निकलते हैं और पूरे वर्ष की कार्रवाई का लक्ष्य पूरा करते हैं।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार एक नवंबर से शुक्रवार तक जनपद में कुल 256 दुकानों पर जांच की गई। नवाबगंज में तीन मिठाई विक्रेता डिब्बा सहित मिठाई तौलते पकड़े गए। इनमें 50 से 100 ग्राम मिठाई कम मिली। शहर के किराना बाजार में दो दुकानों पर की गई जांच में 100 से 110 ग्राम मिठाई की घटतौली पकड़ी गई।
बांटमाप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि घटतौली में 21 विक्रेताओं का चालान काटा गया है। उनके खिलाफ विभाग में मामला भी दर्ज किया गया है।