फर्रुखाबाद। एडेड विद्यालयों की सूचना न भेजे जाने पर गुस्साए महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बीएसए से नाराजगी जताई। 20 मार्च तक डाटा न भेजने पर बीएसए को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी।
एडेड विद्यालयों में तैनात शिक्षकों व शैक्षणिक कर्मचारियों का डाटा 28 नवंबर 2022 तक निदेशालय को उपलब्ध कराने के आदेश महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने दिए थे। महानिदेशक को समीक्षा में कई जिलों से डाटा न आने की जानकारी हुई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए बीएसए को निर्देश दिए कि 20 मार्च तक सूचना उपलब्ध करा दी जाए। किसी विद्यालय में कोई प्रबंधकीय विवाद की जानकारी भी देने के आदेश दिए। तय समय में सूचना न देने पर बीएसए के खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने की बात कही।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी लालजी यादव ने बताया कि मांगी गई सूचना एक-दो दिन में निदेशालय भेज दी जाएगी। गौरतलब है कि जनपद में 44 एडेड जूनियर हाईस्कूल संचालित हैं।