अमृतपुर। 17 वर्ष पहले मर चुके ग्रामीण को जिंदा दिखाकर खेत का बैनामा करा लिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी सुभाष चंद्र ने अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर लीलापुर निवासी रनछोर, उमेशपाल, गांव नवादा निवासी श्रीकृष्ण, रामनिवास, रामविलास के खिलाफ एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि पिता आशाराम के नाम पर अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव गैया वकैनिया ननिहाल में खेत है। पिता की 11 जुलाई 2005 को मौत हो गई थी।
मामा के लड़के रनछोर व उमेश पाल खेत की देखभाल करते थे। इन लोगों ने 7 सितंबर को पिता आशाराम को जीवित दिखाकर उनकी जगह किसी अन्य ग्रामीण को खड़ा करके खेत का बैनामा अपने नाम पर करवा लिया। जमीन के एवज में पांच लाख रुपये देने की बात दर्शाई गई। श्रीकृष्ण, रामनिवास व रामविलास ने पिता आशाराम की मौत की जानकारी होने के बाद भी बैनामे में गवाही दी। इस मामले में जानकारी होने पर 9 जनवरी को प्रार्थना पत्र दिया था। एसओ संत प्रकाश पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।