फर्रुखाबाद/ शाहजहांपुर। गैंगस्टर समेत कई मुकदमों में शाहजहांपुर के जिला कारागार में बंद बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया (63) की मंगलवार रात मौत हो गई। बेचैनी महसूस होने पर संजीव को जेल के अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। भाई डॉ. आशीष पारिया व बेटी प्रगति पारिया ने मृत्यु के हालात पर संदेह व्यक्त किया है।
फर्रुखाबाद के कैंट निवासी संजीव पारिया पर कई मुकदमे दर्ज हैं। संजीव को पहले फर्रुखाबाद जेल में रखा गया था। वहां उनसे मुलाकात करने वालों की संख्या ज्यादा होती देखकर नवंबर 2023 में उन्हें शाहजहांपुर जिला कारागार स्थानांतरित कर दिया गया। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि रात में बंदियों के बैरकों में जाने के बाद संजीव ने बेचैनी होने की शिकायत की। जेलर और डॉक्टरों की टीम के साथ भेजकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में संजीव को भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रात करीब डेढ़ बजे संजीव की मौत हो गई।
सूचना पर परिजन भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। संजीव की बेटी प्रगति पारिया व भाई डॉ.आशीष पारिया ने संदिग्ध हालात में मौत होना बताया है।
बेटी प्रगति ने डीएम-एसपी और सीएमओ को पत्र भेजा है इसमें कहा है कि पिता के हाथ के पंजे, जुबान, चेहरे और शरीर पर कई जगह नीले निशान व धब्बे मिले हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि संदिग्ध हालात में मृत्यु हुई है। इसलिए पिता का विसरा सुरक्षित किया जाए।