नवाबगंज। तालाब में डूबने से बालक की मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के ककिउली निवासी ललित कुमार शर्मा का पुत्र अर्जुन (11) सोमवार की सुबह साथियों के साथ गांव के बाहर रामताल तालाब में नहाने के लिए गया था। वहां नहाने के बाद साथी बच्चे तालाब से निकल कर घर चले गए। किसी ने अर्जुन को तालाब में नहीं देखा। लगभग नौ बजे तालाब में अर्जुन को गांव के लोगों ने तालाब में उतराते हुए देखा। गांव के लोगों ने अर्जुन के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। परिजन शव को लेकर घर आ गए। मां वंदना देवी, बहन अंजली, संजली, छाया का रो- रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।