जहानगंज। घर से लापता एक युवक का शव खेतों में खड़े पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। परिवार में चीख-पुकार मची है।
थाना क्षेत्र के गांव अदमापुर बहोरिकपुर निवासी रामनरेश वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र आजाद शुक्रवार सुबह 10 बजे अचानक घर से गायब हो गया था। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, मगर कुछ पता नहीं चला। पड़ोसी गांव इकडरिया निवासी एक युवक कुछ दूरी के गांव नाहरघुटा में बकरी चराने गया था। उसने एक खेत में पेड़ पर युवक का शव मफलर के फंदे पर लटका देखा। इस पर चीख-पुकार करके आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त आजाद के रूप में की। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में ले लिया है। युवक सात भाई बहनों में सबसे छोटा था। मां रामादेवी का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-