कमालगंज। कानपुर-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग के किनारे स्थित आम के बाग में दिव्यांग का शव फंदे पर लटका मिला। शव के पास एक बैग रखा मिला। जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल से नंबरों पर कॉल कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई।
थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर में गालिब मियां के आम के बाग में शुक्रवार सुबह 52 वर्षीय दिव्यांग का शव रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजेश राय, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर रविंद्र नाथ राय ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। शव के पास एक पीठ पर टांगने वाला बैग, पानी की बोतल, डिस्पोजल व शराब का खाली पैकेट मिला।
पुलिस मृतक की शर्ट की जेब से आधार कार्ड, पैन कार्ड व मोबाइल आदि कागज मिले। अभिलेख देखने से जानकारी हुई कि शव कन्नौज जिला के तालग्राम थाना के सलेमपुर के मजरा आसफपुर पट्टी निवासी रावेंद्र कुमार का है। मोबाइल से नंबरों पर कॉल करने पर भाई राजेश से बात हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि रावेंद्र के चार भाई महेंद्र, सुनील, सतेंद्र व राजेश हैं। रावेंद्र दिव्यांग तथा अविवाहित हैं। भाई ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले रावेंद्र ने घर छोड़ दिया। वह इधर- उधर घूमता रहता है। हालांकि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए।