फर्रुखाबाद। टूंडला से आकर स्थानीय स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की सफाई के वक्त शौचालय का गेट बंद देख सफाई कर्मी ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने गेट तोड़ा, तो उसमें एक अज्ञात युवक का शव फंदे पर लटका हुआ था। वह अंगौछा से फ्लैश टैंक पाइप के सहारे लटका था।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे टूंडला से फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म पांच पर पहुंची। डिब्बों की सफाई के दौरान सफाई कर्मी को बोगी नंबर 164057 का एक शौचालय अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी जब नहीं खुला, तो कर्मी ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़कर देखा, तो अंडरवियर पहने एक युवक अंगौछा के सहारे फ्लैश टैंक पाइप से लटका हुआ था। शौचालय में एक शराब का पौव्वा भी मिला। आरपीएफ और जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि युवक 40 साल का है। उसके घुटने तक पैर नीचे लगे हुए थे। जांच की जा रही है।