सुमित माथुर की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। बोरे में मिला युवक का शव मेडिकल स्टोर कर्मचारी का निकला। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में मां व भाई ने कपड़ों से शव की शिनाख्त की। कर्मचारी 19 सितंबर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव जौंरा से पुरौरी जाने वाले मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क किनारे खेत में जौंरा निवासी प्रेमनरायन दीक्षित के खेत में बोरे में युवक का शव मिला था।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जटवारा निवासी अमित कुमार व उसकी मां राधा देवी परिजनों के साथ पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे।
वहां कपड़े देखकर उन्होंने शव की शिनाख्त पुत्र सुमित माथुर (22) के रूप में की। अमित ने बताया कि भाई सुमित कस्बा निवासी सतीश गुप्ता के मेडिकल स्टोर पर काम करता था।
सोमवार शाम से वह लापता हो गया था। तभी से उसकी रिश्तेदारी व दोस्तों में तलाश कर रहे थे। पिता विनोद कुमार मजदूरी करते हैं।
उसके दो भाई अमित, अभिषेक, बहन राधा है। भाई अमित व मां राधा ने किसी से रंजिश न होने की जानकारी पुलिस को दी।
मेडिकल स्टोर कर्मचारी का शव बोरे में मिला था, लेकिन मोबाइल का पता नहीं चला। कर्मचारी के मोबाइल से ही हत्या का राज खुल सकता।
उसको आखिर किसने बुलाया था और उसकी क्यों हत्या की गई। पुलिस को इन सवालों के जवाब खोजने में जुट गई है।