अमृतपुर। बदायूं मार्ग पर नासा नाला पुलिया के पास सड़क के किनारे की पटरी धंसने से यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। पीडब्ल्यूडी की ओर से किसी तरह का बचाव कार्य नहीं किया गया। लिहाजा कभी भी बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है। कई दिनों से हो रही बारिश के चलते फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर बनी नासा नाला की पुलिया के पास सड़क के किनारे पटरी की मिट्टी धंस गई है। इससे काफी गहरा गड्ढा हो गया है। जिस कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब वाहनों के निकलने में भी दिक्कत होने लगी है। वाहन चालक अपने वाहन को बड़ी सूझ-बूझ से निकाल रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अभी तक देखने नहीं आए। जेई अंकित सिंह ने बताया हमें इसकी जानकारी नहीं है। जेसीबी भेज कर गड्ढा बंद करा दिया जाएगा। (संवाद)