फर्रुखाबाद। बीबीगंज चौकी से माफिया अनुपम दुबे के भाई डब्बन के खिलाफ दर्ज मुकदमे की फाइल चोरी हो गई है।
बुधवार को एसपी ने लापरवाही पर चौकी इंचार्ज और एसओ मऊदरवाजा को निलंबित कर दिया है। वहीं चर्चा है कि साजिश के तहत फाइल तो गायब कराई गई है।
मऊदरवाजा थाने में तैनात दरोगा बलवीर सिंह ने कुछ दिनों पहले माफिया अनुपम दुबे के 50 हजार के इनामी फरार भाई अनुराग दुबे उर्फ उब्बन, उनके वकील बृजेंद्र मोहन अग्निहोत्री उर्फ टिल्लू, मोहल्ला गोला कोहना निवासी नोटेरी वकील राजीव कुमार व गांव याकूतगंज निवासी स्टांप वेंडर ज्ञान प्रकाश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया गया था कि डब्बन के बिना आए शपथ पत्र पर उसके हस्ताक्षर को वकील बृजेंद्र ने प्रमाणित कर दिया। नोटेरी वकील ने स्टांप पर नोटेरी का अनुमोदन कर दिया।
स्टांप वेंडर ने डब्बन के बिना आए उनके नाम का स्टांप दे दिया। इस मुकदमे की जांच बीबीगंज चौकी इंचार्ज स्वदेश कुमार को दी गई थी। दरोाग बलवीर ने चार अक्तूबर को स्वदेश कुमार को मुकदमे से संबंधित सभी दस्तावेज दे दिए थे। 11 अक्तूबर को बलवीर सिंह ने स्वदेश कुमार ने मुकदमे की फाइल फोटोकॉपी कराने के लिए मांगी।
इस पर स्वदेश कुमार ने बताया कि फाइल चौकी से किसी ने चोरी कर ली है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी आलोक प्रियदशी ने बताया कि उन्होंने चौकी इंचार्ज स्वदेश कुमार और एसओ मऊदरवाजा भोलेंद्र चतुर्वेदी को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। दरोगा बलवीर सिंह ने फाइल चोरी करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने एक शराबी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।