फर्रुखाबाद। बैंक में नौकरी के लिए पंजीकरण के बहाने आई एक कॉल के बाद एक महिला के बैंक खाते से चार बार में 1.17 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला वृंदावन गली निवासी सीमा तिवारी ने बताया कि पुत्री निशा के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने एक प्राइवेट बैंक में नौकरी के लिए पंजीकरण कराने की बात कही। बेटी ने पंजीकरण करवा दिया।
खाते से पैसा कटने का मैसेज आने पर सीमा ने 22 जुलाई को स्टेटमेंट निकलवाया, तो 30 जून को खाते से एक कंपनी को 47,658, 47,658 रुपये भेज दिए गए। उसी दिन बंगलुरू की कंपनी को 12,118 रुपये और एक कुकिंग कंपनी को 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। खाते से कुल 1,17,434 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़िता सीमा ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और तहरीर दी। सीमा ने बताया कि बैंक से जो जानकारी थी वह पता चल गई। अब मुकदमा दर्ज हो जाए, तो ठगों का खुलासा हो सकता है। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।