फर्रुखाबाद। लकड़ी ठेकेदार शमीम हत्याकांड में बसपा नेता अनुपम दुबे के सामने मुकदमे में सीबीसीआईडी के विवेचक से जिरह की गई। बसपा नेता की पेशी के चलते कचहरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज के कस्बा समधन निवासी लकड़ी ठेकेदार शमीम की 25 जुलाई 1995 को
फतेहगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे व बाल किशन उर्फ शिशु के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बसपा नेता मैनपुरी की जेल में बंद है। मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट राकेश कुमार की कोर्ट में चल रही है।
सोमवार को बसपा नेता अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा में मैनपुरी जेल से कोर्ट में लाया गया। इसके लिए भारी फोर्स लगाया गया। ठेकेदार शमीम हत्याकांड की विवेचना सीबीसीआईडी स्थानांतरित कर दी गई थी। इसके चलते सीबीसीआईडी के तत्कालीन विवेचक प्रमोद कुमार मिश्रा को कोर्ट में तलब कर जिरह की गई। मुकदमे में सुनवाई के लिए 11 जनवरी की तारीख तय की गई है।
फर्रुखाबाद। बसपा नेता के मोहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख भाई की धोखाधड़ी के तीन मुकदमों की जमानत याचिका पर कोर्ट ने पुलिस ने आपराधिक रिकार्ड मांगा है। सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तिथि तय की गई है।
बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन शहर कोतवाली में दर्ज तीन धोखाधड़ी के मुकदमे में शाहजहांपुर की जेल में बंद हैं। उनके वकील जितेंद्र सिंह चौहान की ओर से सीजेएम कोर्ट में तीनों मुकदमों में ब्लाक प्रमुख की जमानत याचिका दायर की गई।
इसमें हवाला दिया कि ब्लाक प्रमुख के खिलाफ दर्ज किसी मुकदमे में कोर्ट ने उनको दोषसिद्ध नहीं किया है। उनके भाई अनुपम दुबे की कई मुकदमों में जमानत हो चुकी है। कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए शहर कोतवाल से ब्लाक प्रमुख का आपारधिक रिकार्ड प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।
फर्रुखाबाद। बसपा नेता के इनामी भाइयों के कोर्ट में आत्मसमर्पण की सूचना पर सोमवार को कचहरी परिसर छावनी में तब्दील रहा। एसपी ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज टीवी स्क्रीन पर देखे और दिशा निर्देश दिए। शाम तक बसपा नेता के भाई आत्मसमर्पण करने नहीं पहुंचे।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, अभिषेक दुबे उर्फ जीतू के खिलाफ गैंगस्टर व धोखाधड़ी के कई मुकदमे में दर्ज हैं। दोनों भाई फरार हैं। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। कोर्ट में नौ दिसंबर को अग्रिम जमानत की याचिका दायर की गई। सोमवार को बसपा नेता के दोनों भाइयों के कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की सूचना थी। (संवाद)