फर्रुखाबाद। माफिया अनुपम दुबे के खिलाफ धमकी के मुकदमे में बचाव पक्ष के वकीलों ने दरोगा से जिरह की। माफिया पर कचहरी परिसर में आढ़ती व किसान को धमकी देने का आरोप है।
कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ मोहल्ला नई बस्ती निवासी आढ़ती राजेश चौहान व मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसापुर निवासी रक्षपाल ने वर्ष 2021 में फतेहगढ़ कोतवाली में माफिया अनुपम दुबे के खिलाफ कोर्ट परिसर में जान से मारने की धमकी देने के दो मुकदमे दर्ज करवाए थे।
माफिया अनुपम दुबे इंस्पेक्टर हत्याकांड में मथुरा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। बुधवार को माफिया को पुलिस कड़ी सुरक्षा मेें सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मुकदमे में गवाह दरोगा नरेंद्र कुमार से बचाव पक्ष के वकीलों ने जिरह की। कोर्ट ने सुनवाई के लिए एक फरवरी की तिथि नियत की है। सुरक्षा को लेकर फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह व पुलिस लाइन से पीएसी व पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।