संदिग्ध हालात में थाना क्षेत्र के गांव बेला सरायगजा स्थित सूखी नहर में
खड़ी नाव में ग्रामीण रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव के पास ही लाइसेंसी बंदूक
पड़ी थी और इसके सीने में गोली लगी थी। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने
लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली। परिजन आत्महत्या की बात बता रहे हैं।
कंपिल थाना क्षेत्र के
गांव त्यौरी बरखेड़ा निवासी योगेश कुमार पुत्र ब्रह्मदत्त दुबे दिल्ली में
परिजनों के साथ नौकरी करते थे। करीब 10 दिन पहले वह, पत्नी मंजू देवी और
पुत्र राहुल कुमार के साथ दिल्ली से बेटी राधा देवी की ससुराल बेलासरायगजा
थाना शमसाबाद आया था।
उसके पास डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक भी थी। राहुल कुमार
के मुताबिक सोमवार शाम करीब 4.30 बजे पिता बंदूक लेकर दूसरी बहन शकुंती
देवी के यहां समसपुर जाने की कहकर गए थे। मंगलवार सुबह 11 बजे
ग्रामीणों को बेलासरायगजा स्थित नहर के पास उनका शव रक्तरंजित अवस्था में
नाव में पड़ा मिला।
उनके सीने में गोली लगी थी। जानकारी मिलने पर एसओ
प्रदीप यादव और सीओ कायमगंज एके रावत मौके पर पहुंचे। इस दौरान ब्रजनंदन ने
योगेश कुमार की शिनाख्त अपने समधी के रूप में की। सूचना मिलने पर मृतक की
पत्नी और पुत्र भी आ गए।
पुलिस ने शव के पास पड़ी लाइसेंसी बंदूक, छह
जिंदा कारतूस और एक खोखा कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भर शव
पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुत्र राहुल ने बताया कि पिता ने गोली मारकर
आत्महत्या की होगी। एसओ ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा
रही है।