फर्रुखाबाद। बोलेरो से जा रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया लेकिन दो भागने में सफल रहे। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया। इस दौरान एएसपी ने टीम को पांच हजार का इनाम दिया। थाना नवाबगंज के गांव बराकेशव निवासी मनोज यादव पड़ोसी गांव नगला झब्ब निवासी धर्मेंद्र यादव के साथ आलू ट्रैक्टर पर लादकर तिर्वा कन्नौज स्थित कोल्ड स्टोर में रखने गए थे।
28 मार्च को मनोज और धर्मेंद्र वापस घर लौट रहे थे, तभी मोहम्मदाबाद के गांव नगरिया मोड़ पर बोलेरो सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर ट्रैक्टर लूटकर मनोज और धर्मेंद्र यादव के हाथपैर बांधकर डाल दिया और भाग गए। घटना को लेकर एसपी राजेश कृष्ण ने इसका खुलासा करने के निर्देश दिए। मोहम्मदाबाद पुलिस ने लुटेरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी थी। मंगलवार रात मोहम्मदाबाद पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि नगरिया के पास लूटा गया ट्रैक्टर बेचने के लिए बदमाश बोलेरो से जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने सहसापुर के पास घेराबंदी कर ली।
उसी समय बोलेरो और ट्रैक्टर को देखकर पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिए। पुलिस ने बदमाशों को घेर कर पकड़ लिया। हालांकि पुलिस को चकमा देकर दो बदमाश फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम रवि गिहार निवासी जगतपुरा थाना इंदरगढ़ जिला कन्नौज और जयचंद्र निवासी खुशहालीपुर थाना तिर्वा जिला कन्नौज बताया। पुलिस ने इनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया। पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान एएसपी ने बताया कि भीकम निवासी कजाड़ डेरा तिर्वा कन्नौज और ज्ञानीपाल निवासी तिर्वा कन्नौज पुलिस को देखकर फरार हो गए। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मनोज से लूटा गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। टीम को पांच हजार का ईनाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों ने ज्यौंता के पास एक ट्रैक्टर लूट की और घटना को भी अंजाम दिया था।