चोरी के बाद सपा नेता के घर से नमूने लेती फोरेंसिक टीम।
- फोटो : forensic team
समाजवादी पार्टी के एससीएसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के घर का ताला तोड़कर चोर लाइसेंसी दोनाली बंदूक और 1.50 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। प्रभारी एसपी, सीओ सिटी व कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। सोमवार देर शाम आए प्रदेश अध्यक्ष ने फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला अंबेडकर कालोनी निवासी सपा के एससीएसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश अंबेडकर वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं। वह माह में एक या दो बार घर आते हैं। मकान की दूसरी मंजिल पर दो किरायेदार और मुख्यगेट के पास बने कमरे में कायमगंज के गांव अताईपुर निवासी रिश्तेदार श्रीराम का पुत्र नीरज रहता है। नीरज घर की देखभाल करता है। किरायेदार डूडा में नौकरी करते हैं।
रविवार और जन्माष्टमी का अवकाश होने पर किरायेदार घर चले गए। नीरज भी रविवार को दोस्त के साथ कन्नौज गया था। वह रात में लौट कर आया और दोस्त के घर रुक गया। सर्वेश अंबेडकर के मकान में ताला पड़ा था। रविवार रात चोर ताले तोड़कर एक कमरे में रखी लाइसेंसी दोनाली बंदूक और अलमारी में रखे करीब 1.50 लाख रुपये के जेवर, तीन हजार रुपये चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह नीरज दोस्त के घर से लौट कर आया तो उसने मुख्यगेट का ताला टूटा देखा।
अंदर जाकर देखा तो कमरे खुले थे और सामान बिखरा था। इसकी जानकारी पर प्रभारी एसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ सिटी रामलखन सरोज, फतेहगढ़ कोतवाल झांझन लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नीरज से पूछताछ की। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। देर शाम सर्वेश अंबेडकर लखनऊ से आए। उन्होंने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। उन्होंने बताया कि तीन कमरों के ताले टूटे हैं। किरायेदार केे कमरों के ताले टूटने से बच गए हैं। घटना की तहरीर दे दी है। कोतवाल झांझन लाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।