सोमवार रात गश्त में पुलिस व्यस्त रही। वहीं कोतवाली के सामने चोरों ने कपड़ों की दुकान व अलीगंज रोड स्थित मोबाइल की दुकान के ताले तोड़कर हजारों का सामान पार कर दिया।
नगर के रेलवे रोड नई कालोनी निवासी व्यापार मंडल मिश्रा गुट के तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश शाक्य की कोतवाली के सामने गारमेंट की दुकान है। दुकान पर उनके पुत्र सुशील कुमार भी बैठते हैं। सोमवार शाम सुशील दुकान बंद कर घर चले गए। रात को चोरों ने डुप्लीकेट चाबी लगाकर शटर खोल लिया। दुकान में रखा रेडीमेट का सामान चोरी कर ले गए। वहीं अलीगंज रोड स्थित शीलू निवासी शिवरईबरियार की मोबाइल व मेडिकल स्टोर की सम्मलित दुकान है। उनकी दुकान में कई बार चोरी हो चुकी है। इससे वह मोबाइल झोले में भरकर शाम को घर ले जाते हैं। चोरों ने उनकी दुकान के भी ताले तोड़ दिए। दुकान में पुराने चार मोबाइल मिले। उन्हें चोर चुरा ले गए। दवाइयां जैसी की तैसी रखी मिली। दोनों दुकानदार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तब चोरी की जानकारी हुई।
सुशील की सूचना पर इंस्पेक्टर राधेश्याम व एसआई मुनेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने जांच की, तो दुकान के पीछे खाली पड़ी खंडर में शटर के ताले की चाबी व मोमिया पड़ी मिली। शटर के पास कुंडों के ताले पड़े मिले। व्यापारी नेता रामप्रकाश ने कोतवाली में 35 सौ रुपये व 60 हजार रुपये कीमत की जींस, जैकेट आदि चोरी होने की तहरीर दी। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है फिर भी मामले की जांच कार्रवाई की जाएगी।