कर्ज में डूबे मूंगफली कारोबारी ने जहर खा लिया। परिजन कारोबारी को सीएचसी
लेकर आए। यहां हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने लोहिया रेफर कर दिया। रास्ते
में उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना शव का दाह संस्कार कर दिया
गया। वहीं अमरौली निवासी ग्यादीन ने आम के पेड़ से फांसी लगा ली।
नगर
के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी मूंगफली कारोबारी ओमप्रकाश सक्सेना पुत्र
महावीर ने रविवार देर रात जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन इन्हें
सीएचसी लेकर आए। यहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में इनकी
मौत हो गई। परिजन शव को घर ले गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। न
ही सीएचसी से ही मेमो भेजा गया। परिजनों ने
सुबह शव का अंतिम संस्कार कर
दिया। सूत्रों के अनुसार कर्ज के कारण कारोबारी ने जहर खाकर आत्महत्या कर
ली।
वहीं सीमावर्ती जनपद एटा के थाना अलीगंज के गांव अमरोली निवासी
ग्यादीन के पुत्र सूरजपाल ने क्षेत्र के गांव पैथान निवासी कनौजीलाल पाल के
खेत में खड़े आम के पेड़ पर अंगोछे से फांसी लगा ली। पुलिस के पहुंचने से
पहले ही अंगोछा फट जाने के
कारण शव नीचे आ गिरा। सूचना पाकर मौके पर
पहुंचे नंदराम वर्मा ने शव की जेब से निकली डायरी और पहचान पत्र से शिनाख्त
की। पुलिस ने मृतक के गांव सूचना भिजवाई। इस पर भाई रामप्रकाश व अन्य
ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रामप्रकाश ने बताया कि ग्यादीन सुबह नाश्ता कर घर
से निकला था। वह दिल्ली में काम करता था। घटना का कारण नहीं पता चल सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।