टूटी हुई सेफ को देखते दुकान मालिक।
- फोटो : अमर उजाला
कायमगंज। कार सवार चोरों ने बीती रात दो अलग-अलग स्थानों से 50 हजार रुपये की नगदी समेत हजारों रुपये का सामान चुरा लिया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। नगर के सीपी तिराहा निवासी नीरज गंगवार की कंपिल रोड पर दुर्गा टाकीज के पास सीमेंट व महेंद्रा ट्रैक्टर की एजेंसी है।
शुक्रवार रात लगभग दो बजे के आसपास चोर उनकी दुकानों के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। अंदर पहुंचकर चोरों ने वहां बने आफिस के गेट का ताला तोड़कर आफिस के अंदर से दो कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक एलईडी टीवी, एक इनवर्टर, दो बैटरी और वहां रखी सेफ को तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोर अपने साथ एक कार लाए थे। चोर जब सामान कार में रख रहे थे तभी खटपट की आवाज पर दुकानों के सामने रहने वाले विनोद गंगवार की आंख खुल गई। उन्होंने दुकान मालिक को सूचना दी और चोरों को भी ललकारा। इस पर चोर अपनी कार लेकर सीपी तिराहे की ओर भाग गए। दुकान मालिक जब तक मौके पर पहुंचे तब चोर भाग चुके थे। इसके बाद चोरों ने कुछ ही दूरी पर क्षेत्र के गांव घसिया चिलौली निवासी प्रवेंद्र गंगवार उर्फ मुन्ना के घर से भी इनर्वटर, बैटरी व स्टेबलाइजर चोरी कर ले गए। मुन्ना गंगवार ने बताया कि वह अपने अंदर वाले घर में सो रहे थे। उनके घर के बाहर भी कार के टायराें के निशान पाए गए। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाल भुवनेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।