भाई और दोस्तों के साथ टहलने निकला युवक रोडवेज बस की चपेट में आकर घायल हो गया। बाद में लोहिया अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने अज्ञात बस चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नईबस्ती सधवाड़ा निवासी धर्मवीर शर्मा की घर से कुछ ही दूरी पर किराने की दुकान है। धर्मवीर का बेटा गौरव (27) मंगलवार की सुबह अपने छोटे भाई ललित और दोस्त राजू व एक अन्य के साथ टहलने के लिए गया था। जब यह लोग टेड़ीकोन और कायमगंज पुलिया के बीच से गुजर रहे थे।
उसी समय दिल्ली से आने वाली रोडवेज बस से गौरव टकरा गया और घायल हो गया। दुघर्टना के बाद बस चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। आनन फानन में घायल को ई-रिक्शा से बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल में गौरव को मृत घोषित कर दिया। मां गीता देवी ने बताया कि गौरव अपने तीन भाईयों में बीच का था। उसकी एक बहन समीक्षा है। गौरव ने पिछले वर्ष एमकॉम किया था। वह नौकरी के लिए इधर उधर फार्म भरे थे। उधर, पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की जानकारी पर आसपास के दुकानदार भी मृतक के घर पर शोक जताने पहुंचे।