रेलवे रोड फतेहगढ़ का एक्सिस बैंक का बंद एटीएम
- फोटो : amarujala
फर्रुखाबाद। आईडीबीआई और एक्सिस बैंक के एटीएम से 67 लाख रुपयों के गबन के मामले में पुलिस ने एसपी के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों के पास से गबन की गई कुछ धनराशि भी बरामद की गई है। फिलहाल पूरे प्रकरण का मंगलवार को खुलासा किया जाएगा।
जिले में सीएमएस इन्फोसिस्टम लिमिटेड बैंकों के एटीएम में कैश डालने का काम करती है। कंपनी के शाखा प्रबंधक फूलसिंह कुशवाहा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि शहर के नगला खानपुर निवासी पृथ्वीराज और जिला एटा के गढ़िया जगन्नाथ निवासी त्रिवन कुमार एटीएम में कैश लोडिंग का काम करते थे। इस दौरान इन कर्मचारियों को रूट संख्या दो पर आठ एटीएम में कैश डालने का कार्य सौंपा गया था। जिन एटीएम में कैश लोडिंग का काम पृथ्वीराज और त्रिवन कुमार करते थे, उन एटीएम में कैश लोडिंग की जिम्मेदारी 26 मार्च को रावेंद्र सिंह व संजीव कुमार को दी गई। इस बदलाव के समय त्रिवन कुमार और पृथ्वीराज ने पासवर्ड को चोरी से देख लिया। इसके बाद त्रिवन और उसके साथी ने 13 अप्रैल तक एक्सिस बैंक और आईडीबीआई के एटीएम से 67 लाख 6 हजार 100 रुपये का गबन कर लिया। जब इसकी जानकारी बैंक के अफसरों को हुई तो इसकी जांच शुरू कर दी गई। कंपनी के शाखा प्रबंधक फूलसिंह कुशवाहा ने जांच में पाया कि त्रिवन कुमार और पृथ्वीराज ने ही रुपयों का गबन किया गया। एसपी के आदेश पर फतेहगढ़ पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने कई टीमों को लगाया गया। आनन फानन में पुलिस की टीमों ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इसके साथ ही टीम ने सीसीटीवी फुटेज को भी देखा। पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़े गए युवकों के पास से लाखों की नगदी भी बरामद की गई। मंगलवार को इसका खुलासा होने की संभावना है।