भाई के साथ ससुराल जा रही महिला से रास्ते में बाइक सवार लुटेराें ने तमंचे के बल पर 10 हजार रुपये नगदी और लाखों के जेवर लूट लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला मैनपुरी थाना बेवर के मोहल्ला ज्योति नगर निवासी कृष्णा देवी पत्नी रवि पाठक कुछ दिन पहले अपने मायके एटा थाना नयागांव के गांव भदकी गई थी। कृष्णा देवी की भतीजी की 27 फरवरी को शादी थी। शादी में शामिल होने के बाद बुधवार को कृष्णा देवी अपने भाई दुष्यंत दुबे के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी।
कालीनदी पुल के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार दो लुटेरों ने दुष्यंत की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। रुकते ही लुटेरों ने तमंचा निकालकर महिला को लगा दिया। इसके बाद महिला के सोने के जेवर और नगदी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे हवा में असलहे लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसओ सुशील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की और लुटेरों का सुराग लगाया लेकिन कोई भी लुटेरा पुलिस के हत्थे नहीं लगा। दुष्यंत ने घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी। एसओ ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।