विधायक के पुत्रों व एसडीएम के बीच होती नोकझोंक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में सपा के निवर्तमान विधायक विजय सिंह के दो पुत्रों, पांच नामजद समर्थकों व 50 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने अवैध तरीके से चुनाव प्रचार करने की वीडियोग्राफी करने पर उड़नदस्ता टीम का कैमरा छीनकर रिकॉर्ड डिलीट कर दिया। इस मामले में निवर्तमान विधायक के गनर के शामिल होने की चर्चा सामने आने पर एसपी ने जांच बैठा दी है।
उड़नदस्ता प्रभारी रजनीश कुमार ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि रविवार को वह सिपाही, कैमरामैन अलवर पुत्र मेवाराम सरकारी जीप से चालक भूप सिंह के साथ भ्रमण पर निकले। दोपहर एक बजे एमआईसी तिराहा पर पहुंचा तो सपा के निवर्तमान सपा विधायक विजय सिंह के पुत्र अविनाश चौधरी व अभिषेक चौधरी और उनके समर्थक शहजाद उर्फ बंटी पुत्र राशिद अली, चुनमुन ठाकुर, मो. फुरकान, गौरव यादव, सलाउद्दीन निवासी फतेहगढ़ तथा उनके 50 व्यक्तियों के साथ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे थे।
ये लोग बिना अनुमति के प्रचार प्रसार व नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर एसडीएम सदर व आरओ , प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ फोर्स के साथ पहुंच गए। सभी लोगों ने विधायक पुत्र आदि को आदर्श आचार संहिता व धारा 144 के उल्लंघन के बारे में समझाने का प्रयास किया। तभी अविनाश चौधरी उर्फ विक्की व उनके समर्थकों ने उड़नदस्ते के साथ लगे कैमरामैन का कैमरा छीन लिया। वीडियोग्राफी को डिलीट करने के बाद कैमरा वापस किया।
उड़नदस्ता प्रभारी ने कहा कि अविनाश चौधरी व उनके साथियों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। कोतवाल अनूप निगम का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालना, बलवा के लिए भीड़ एकत्र करना व आचार संहिता का उल्लंघन (धारा 147, 353,186, 201,171 एच व 188 आईपीसी) के तहत मुकदमा लिखा गया है। आरोपियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।