फर्रुखाबाद। दवा लेकर लौटते समय आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत में मेडिकल स्टोर मालिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली मोहम्मदाबाद के गांव मतापुर निवासी नेकराम शाक्य (46) का गांव मुरहास कन्हैया में पशुओं की दवा का मेडिकल स्टोर है। नेकराम सोमवार को बाइक से थोक में दवा लेने के लिए शहर क ी दवा एजेंसी पर आया था। नेकराम हेलमेट नहीं पहने था। शाम को घर लौट रहा था। इटावा बरेली हाईवे बघार नाला के पास से गुजर रहा था। उसी समय सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में नेकराम व दूसरी बाइक पर सवार थाना मेरापुर के गांव पिलखना निवासी सोनू और दिवारीलाल घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों के अलावा मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी संजय यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी घायलों को लोहिया अस्पताल लेकर आए। यहां पर मौजूद डॉक्टर नीरज यादव ने नेकराम को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक सवार दोनों को भर्ती कर लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर सेंट्रल जेल चौराहा पर काम से आए मृतक के बड़े भाई हरिशचंद्र अस्पताल पहुंच गए। यहां पर भाई के शव को देखकर परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग भी अस्पताल आ गए। नेकराम की पत्नी तारादेवी, मां प्रेमवती अचेत हो गई। मृतक के भाई हरिशचंद्र ने बताया कि नेकराम की एक बेटी की शादी हो चुकी है। उसके तीन बेटी साक्षी, रिया, कीर्ति और बेटा अमित है। उन्होंने बताया कि अमित की शादी की बातचीत शहर से हो रही थी। नवरात्र के बाद शादी की बात आगे बढ़ती। मामले की रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज कराई गई है।