ससुराल से परिवार के साथ लोडर पर सवार होकर घर जाते समय मुरहास कन्हैया के
पास सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत में दंपति समेत सात लोग घायल हो गए।
घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां पर लोडर मालिक की मौत हो गई। बाकी
को भर्ती कर लिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना
की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला
नीम रठौरा निवासी प्रेमचंद्र बाथम पत्नी कमला और बच्चों के साथ राजेपुर
थाना इलाके के गांव उदयपुर गौटिया से मंगलवार को वापस लौट रहे थे। यह
परिवार के साथ लोडर पर सवार थे। लोडर फतेहगढ़ कोतवाली के गांव राजानगला
निवासी अमित यादव उर्फ करु चला रहा था। इसमें वाहन मालिक विकास राजपूत
निवासी हाथी
खाना फतेहगढ़ भी बैठा था। गांव मुरहास कन्हैया के पास
इटावा-बरेली हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक से लोडर की भिड़ंत हो गई। इस
हादसे में चालक समेत सभी लोग घायल हो गए। घटना को देखकर आसपास के लोगों की
भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे को
देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। घटना की सूचना
पर जिला पंचायत
सदस्य प्रत्याशी आशीष शर्मा ने घायलों को अपने वाहन से लोहिया अस्पताल
भेजा। अस्पताल डाक्टरों ने विकास राजपूत को मृत घोषित कर दिया। घायल
प्रेमचंद्र, इनकी पत्नी कमला देवी, बेटा पुनीत, राजन, बेटी सीमा और चालक
अमित यादव को भर्ती कर लिया गया। घटना की सूचना पर मृतक के परिवार वाले
अस्पताल जा पहुंचे। मृतक के भाई प्रभात राजपूत ने ट्रक चालक के खिलाफ घटना
की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभात ने बताया कि तीन भाइयों में विकास मंझला
था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।