कलक्ट्रेट में महिला कर्मचारी और ग्रामीण से होती मारपीट।
- फोटो : amar ujala
कलक्ट्रेट में जनता दरबार के दौरान डीएम कार्यालय के बाहर अधेड़ ने पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश में चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी से गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट कर दी। जवाब में महिला ने भी उसकी पिटाई कर दी। मोहल्ला ग्वालटोली निवासी सप्पू यादव का कलक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमन बाथम से मुकदमेबाजी की रंजिश चल रही है। बुधवार को डीएम के जनता दरवार के दौरान सप्पू कलक्ट्रेट पहुंचा। आरोप है कि डीएम कार्यालय के पास सुमन से वह गाली गलौज करने लगा।
इसका विरोध करने पर उसने महिला के साथ हाथापाई शुरू कर दी। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। वहां मौजूद विभागीय कर्मचारी तमाशबीन बनकर खड़े रहे। तभी दूसरी महिला कर्मचारी लक्ष्मी ने विरोध किया और विवाद का कारण पूछा तो सप्पू ने उससे भी हाथापाई करने लगा। इस पर उसने अधेड़ की पिटाई कर दी।
शोर शराबा होने पर वहां मौजूद होमगार्ड व सुरक्षा कर्मियों ने सप्पू को हटा दिया लेकिन वह दोबारा वहां पहुंच गया। तब सुरक्षा कर्मी उसको पकड़कर फतेहगढ़ कोतवाली ले गए और पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल अनूप निगम का कहना है कि आरोपी अधेड़ के खिलाफ पहले से भी मुकदमा दर्ज है। उक्त मुकदमे में वह वांछित है। वहीं यदि महिला कर्मचारी तहरीर देती है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।