थाना क्षेत्र के गांव सिरसा में अपराधियों के परिजन खाकी पर हावी हो गए।
परिजनों ने पुलिस पर जमकर पथराव और फायरिंग की। परिजनों को हावी देख पुलिस
बैक फुट पर आ गई। इस दौरान एक कांस्टेबल की बाइक भी गायब हो गई। हालांकि
अन्य थानों का पुलिस बल आने पर हमलावर भाग गए।
थाना क्षेत्र के गांव
सिरसा निवासी जयनंदन, हरिनंदन, दुर्विजय और करु जिला बदर चल रहे हैं। इनके
घर पास-पास ही हैं। मंगलवार रात करीब 7.30 बजे मुखबिर की सूचना पर थाना
पुलिस जिला बदर अपराधियों को पकड़ने गई। पुलिस के जयनंदन के घर दबिश देते
ही इनके परिजनों ने पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान अन्य जिला बदर
अपराधियों के भी
परिजन पुलिस बल पर हावी होते हुए पथराव करने लगे। इनके
परिजनों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों के परिजनों को हावी होते देख
पुलिस बैक फुट पर आ गई। इस दौरान सिवारा चौकी के कांस्टेबल राजकुमार की
बाइक हड़बड़ी में मौके पर छूट गई। हमलावर कांस्टेबल राजकुमार की बाइक भी
उठा ले गए। थानाध्यक्ष कुलदीप दीक्षित ने घटना की जानकारी आला अफसरों
को
दी। इस पर काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तब तक चारों
अपराधी और उनके परिजन अपने-अपने घरों से भाग गए। पथराव और फायरिंग से
ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। एसओ कुलदीप दीक्षित ने बताया कि मुखबिर की
सूचना पर जिला बदर अपराधी जयनंदन, हरिनंदन, दुर्विजय और करु को पकड़ने गए
थे। इस दौरान इनके परिजनों ने पथराव करना शुरू कर दिया। उन्होंने फायरिंग
की घटना से इनकार किया। एसओ ने बताया कि हमलावर कांस्टेबल राजकुमार की बाइक
भी ले गए।