थाने में बैठा पीड़ित ट्रक चालक सुनील कुमार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला पीलीभीत के बीसपुर से कोयला डालकर बुधवार देर रात लौट रहे ट्रक को बोलेरो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर चालक से 97 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए। चालक ने ट्रक मालिक को सूचना दी। गुरुवार सुबह ट्रक मालिक के साथ थाने पहुंचे चालक ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
ट्रक चालक सुनील कुमार पुत्र महेशचंद्र निवासी अकबरपुर थाना कुरावली जिला मैनपुरी के मुताबिक बुधवार को वह ट्रक संख्या एचआर55एल-7691 से कोयला लेकर गुजरात से जिला पीलीभीत के बीसलपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर डालने गया था।
कोयला डालने के बाद उसने भट्ठे से एक लाख रुपये का पेमेंट लिया। इसमें से तीन हजार रुपये ट्रक में डीजल डलवाने के लिए निकाले और 97 हजार रुपये बैग में रख लिए। रात करीब 3 बजे जैनापुर के पास एक बोलेरो ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो उसने ट्रक कच्चे रास्ते में उतार दिया। इससे ट्रक का एक पहिया पंचर हो गया।
इस दौरान बोलेरो में सवार छह बदमाशों में से दो ट्रक पर चढ़ गए और सुनील की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। जान से मार डालने की धमकी देकर बदमाश झोले में रखे 97 हजार रुपये, मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस लूटकर भाग गए।
सुनील ने ट्रक मालिक शोएब निवासी नई बस्ती सधवाड़ा कायमगंज को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंच गए। सुनील ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। एसओ महेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।