आवास विकास कालोनी स्थित डा. जेएम वर्मा के अस्पताल में जमकर बवाल हुआ। इस
दौरान अस्पताल कर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर
पीटा। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई। अस्पताल कर्मियों की पिटाई से दो
महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए।
तीमारदारों का आरोप है कि मरीज के दम
तोड़ने के बाद भी उसे आईसीयू में रखकर वसूली की गई। मौके पर पहुंचे कोतवाली
प्रभारी ने मामले की जांच पड़ताल की। मृतका के पति ने अस्पताल कर्मचारियों
पर जेवर लूटने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जिला एटा थाना जैथरा के
गांव कसरौलिया निवासी शकुंतला देवी पत्नी श्यामलाल दिवाकर को 11 दिसंबर को
आवास विकास कालोनी स्थित डा. जेएम वर्मा के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां उसे पहले आईसीयू में रखा गया और फिर 19 दिसंबर को प्राइवेट वार्ड में।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार शाम करीब चार बजे महिला की मौत हो गई। वे
खुद इसकी सूचना अस्पताल कर्मियों को दिए।
कुछ अस्पतालकर्मियों ने भी माना
कि मरीज दम तोड़ चुका है। तभी कुछ अन्य अस्पतालकर्मी आए और शव को आईसीयू
में ले जाने लगे। परिजनाें ने रोका तो कर्मचारी भड़क गए और उन्हें धक्का
देकर गिरा दिया। इस बीच तीमारदार महिलाओं ने रास्ता रोक लिया और शव बाहर ले
आए। इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना
शुरू कर दिया।
इससे अफरा-तफरी मच गई। तभी अन्य तीमारदार भी आ गए और
कर्मचारियों को दौड़ा दिया। इस बीच एक कमरे का दरवाजा भी टूट गया। मारपीट
की जानकारी पर आवास विकास चौकी प्रभारी डीसी कुमार अस्पताल पहुंचे। चौकी
प्रभारी की सूचना पर कोतवाल आरपी यादव भी मौके पर पहुंचे।
मृतका के पति ने
अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ महिलाओं के साथ मारपीट और जेवर लूटने की
तहरीर दी है। कोतवाल आरपी यादव का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की
जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दूसरी तरफ इस संबंध में डा. जेएम वर्मा ने
कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
कर्मचारियों को सामने बुलाने से किया मना
बवाल
की जानकारी होने पर आवास विकास चौकी प्रभारी डीसी कुमार अस्पताल जा
पहुंचे। मृतक के परिजनों ने जब कर्मचारियों से छीनी गई बेल्टों को दिखाया
तो चौकी प्रभारी ने डा. जेएम वर्मा से कर्मचारियों को मौके पर बुलाने के
लिए कहा। जेएम वर्मा ने कर्मचारियो को बुलाने से साफ मना कर दिया। यह
सुनकर चौकी प्रभारी ने नाराजगी जाहिर की।
चार घायल, तीन का मेडिकल कराया
फर्रुखाबाद।
अस्पताल में हुई मारपीट की सूचना पर चौकी प्रभारी डीसी कुमार ने घायल
मृतका के रिश्तेदार हेड मास्टर गौरीशंकर, बहू रीना पत्नी अवधेश, राजेश्वरी
देवी पत्नी सर्वेश का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया। किरन पत्नी कमल
प्रसाद का मेडिकल नहीं कराया गया।