रोते-बिलखते मृतका रोशनी के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मसेनी में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने महिला के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया। हालांकि दोनों पक्षों के बीच समझौता होना बताया जा रहा है। कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला नैन निवासी गिरीश चंद्र सक्सेना ने बेटी रोशनी की शादी डेढ़ साल पहले शहर कोतवाली के गांव नगला मसेनी निवासी रजत सक्सेना के साथ की थी।
रजत कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता है। मंगलवार रात बिजली जाने के बाद रजत ने पत्नी से छत पर चलने की बात कही थी लेकिन पत्नी ने छत पर जाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पति छत पर सोने के लिए चला गया। रोशनी ने स्कार्फ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह परिवार के लोगों ने रोशनी बुलाया तो कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक दरवाजा भी नहीं खुला।
इसके बाद परिवार के लोग अलमारी हटाकर कमरे में दाखिल हुए तो रोशनी का शव फांसी पर लटका दिखा। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति रजत और ससुर राकेश को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। घटना की सूचना पर फिंगरप्रिंट टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। इसके साथ ही पुलिस ने छत की लंबाई भी नापी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले भी मौके पर जा पहुंचे। इस दौरान पहुंचे बसपा प्रत्याशी महेंद्र कटियार ने दोनों परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मायके वालों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया।