सिरसा गांव में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से जली हुई फसल।
- फोटो : amar ujala
कंपिल थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में हाईटेंशन लाइन के आपस में टकराने से खेत में 50 बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कई घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। दमकल के देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। सिरसा गांव में हरनेश के साढ़े चार बीघे खेत में गेहूं की फसल थी। उसके खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। बुधवार सुबह 10 बजे चिड़िया तार से टकरा गई। इससे निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने जल्दी ही हरवीर, दृगपाल, पेशकार, राजपाल, जयवीर, बुद्धलाल के खेतों को भी चपेट में ले लिया।
इन किसानों की करीब 50 बीघा की फसल जलकर नष्ट हो गई। चौकी इंचार्ज व थानाध्यक्ष मुकेश यादव मौके पर पहुंचे। ग्रामीण राजेश ने बताया कि कई बार 100 नंबर डायल किया पर फोन नहीं लगा। दमकल को सूचना दी गई लेकिन वह तीन घंटे बाद पहुंची, तब तक आग बुझ गई थी। दमकल के लेट पहुंचने पर ग्रामीणों ने खरीखोटी सुनाई।
सूचना पर लेखपाल रवि वर्मा व कानूनगो कन्हैयालाल मौके पर पहुंचे। पड़ताल कर क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को आख्या देने व मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। भाजपा विधायक अमर सिंह खटिक भी मौके पर पहुंचे। पीड़ितों से मुलाकात कर जानकारी की। आश्वासन दिया कि जल्दी ही मुआवजा दिलाया जाएगा।