फर्रुखाबाद। पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर है और उसपर कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं।
स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित सोमवार शाम अपनी टीम के राजवीर सिंह, उवैस खां, नितिन, रवि कुमार के साथ कमालगंज के टाड़ा बैरामनगर में वांछितों की तलाश कर रहे थे। फतेहगढ़ के याकूतगंज कसबा के पास दो शातिरों ने टीम को देखकर बाइक भगा दी। पुलिस ने पीछा किया तो वे बाइक छोड़ कर कब्रिस्तान की ओर भागे और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए। दोनों शातिरों के पैरों में गोली लगी है।
घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार ने उनका इलाज किया। स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए शातिर ने अपना नाम थाना कमालगंज के गांव फत्तेहपुर राव साहब निवासी विपिन राजपूत और फतेहगढ़ के गांव कुटरा निवासी कन्हैया सिंह बताया। उन्होंने बताया कि विपिन कमालगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कानपुर, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद में लूट समेत करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। कानपुर में एक सिपाही के साथ विपिन ने लूट की थी। कन्हैया के ऊपर फतेहगढ़ कोतवाली में छह मामले दर्ज हैं। इनके पास से दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए गए। मुठभेड़ की जानकारी होने पर सीओ रामलखन सरोज, शहर कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र गंगवार, मऊदरवाजा इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी समेत फोर्स मौके पर पहुंच गया।