फर्रुखाबाद। गंगा घाट से अवैध बालू खनन का कारोबार रुक नहीं रहा है। रात में गंगा घाट पर बालू माफियाओं की ट्रैक्टर ट्रालियां आने लगती हैं। बुधवार रात पुलिस ने सिनौली घाट के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी। ट्राली रेत में घुस गई थी। पुलिस ट्रैक्टर लेकर कोतवाली आ गई। बालू माफिया ने दूसरा ट्रैक्टर लगाकर बालू भरी ट्राली गायब कर दी। एसडीएम के निर्देश पर खनन अधिकारी ने सिनौली घाट पर खनन की नापजोख कर कोतवाली में तहरीर दी है।
रात में ही गंगा से निकलने वाली रेतीली चांदी का कारोबार शुरू हो जाता है। रातभर ट्रैक्टर-ट्रालियां दौड़ती रहती हैं। जिसमें कहीं न कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठ रही है। बुधवार रात एसडीएम अनिल कुमार को सिनौली घाट से बालू खनन करने की सूचना मिली। इस पर उन्होंने इंस्पेक्टर जसवंत सिंह को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ ली। पुलिस बालू भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर कोतवाली आ रही थी तभी सिनौली गांव के पास ट्राली बालू में धंस गई। पुलिस ट्राली वहीं छोड़ कर ट्रैक्टर लेकर कोतवाली आ गई। बालू माफिया ने रात में ही दूसरा ट्रैक्टर लगाकर ट्राली गायब कर दी। जानकारी मिलने पर एसडीएम ने खनन अधिकारी सुशील कुमार को सूचना दी। गुरुवार को खनन अधिकारी पुलिस व राजस्व टीम के साथ सिनौली घाट पर पहुंचे। उन्होंने खनन स्थल की नाप की। बताया कि मौके से दो सौ चौदह घन मीटर बालू खनन किया गया है। पकड़े गए ट्रैक्टर के मालिक पर 10 हजार रायल्टी व 70 हजार जुर्माना की कार्रवाई की गई है। कोतवाली में तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर जसवंत सिंह ने बताया कि ट्राली फंस जाने से ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। खनन अधिकारी ने कार्रवाई की है।
मुखबिर को बालू माफिया की धमकी
गांव सूखा नगला निवासी संजीव कुमार ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया कि पिछले सप्ताह गांव के पास हो रहे अवैध खनन की सूचना देने पर बालू भरी ट्राली पलट कर बालू माफिया भाग गया था। बालू माफिया ने उन्हें जान से मारने की नीयत से घेर लिया। इसी बीच उसने शोर मचाया। इस पर वह भाग गए। पुलिस बालू माफिया के प्रति ढीला रवैया अपनाए हुए है। इससे बालू माफिया दुस्साहसी हो गए हैं। एसडीएम ने ग्रामीण के प्रार्थना पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करने के पुलिस को निर्देश दिए हैं।
रात भर में मिलते हैं दस हजार
अवैध बालू खनन का खेल लंबे समय से चल रहा है। यह आम चर्चा है कि एक रात में दस हजार जमा करो फिर चाहे जितना खनन करो। सूत्रों के मुताबिक रात में खनन माफिया सक्रिय हो जाते है। गंगा घाट से रातोंरात भारी मात्रा में बालू का खनन कर लिया जाता है।