मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। कोतवाली क्षेत्र में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गोसरपुर नगला अखई गांव निवासी वंदना (30) पत्नी रिंकू कठेरिया को रविवार 28 अक्तूबर को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने लोहिया महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। कम दिन का बच्चा होने पर उसकी मौत हो गई थी। परिजन वंदना को घर ले आए। सोमवार शाम उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन लोहिया अस्पताल ले गए। यहां मंगलवार सुबह वंदना की मौत हो गई। परिजन शव गांव ले आए।
वंदना की मौत होने की खबर पर उसके पिता थाना जहानगंज के पट्टिया छेदा सिंह गांव निवासी चौकीदार राधेश्याम परिजनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ राजवीर सिंह, एसएसआई गजराज सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। यहां पिता ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई। काफी देर बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।