अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सवारियां भरकर जा रही बस को रोकने पर चालक, पीटीओ से भिड़ गया। बस मालिक व उसके बेटे ने पीटीओ को पीट दिया। गला दबाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने बस मालिक और उसके बेटे को दबोच लिया। चालक बस लेकर भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। पीटीओ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को थाने से ही जमानत दे दी।
यात्रीकर अधिकारी (पीटीओ) वीके आनंद को शुक्रवार देर रात सूचना मिली की शहर स्थित रोडवेज बस स्टेशन के सामने प्राइवेट बस सवारियां भर रही है। इस पर पीटीओ बस स्टेशन पहुंच गए। पीटीओ को देख चालक बस लेकर चला गया। पीटीओ ने पीछा कर ठंडी सड़क पर केएम हाउस के पास बस को रोक लिया। उसके चालक से ड्राइविंग लाइसेंस व बस के कागजात मांगे तो उसने दिखाने से इनकार कर दिया। उन्होंने चालक से बस कोतवाली लेकर चलने को कहा। इतना सुनते ही चालक पीटीओ से अभद्रता करने लगा। यह देख सवारियां बस से उतरने लगीं। तभी चालक ने बस मालिक को सूचना दे दी।
बस मालिक अपने बेटे के साथ स्कार्पियो से वहां पहुंच गया। उन्होंने पीटीओ के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीटीओ बचने का प्रयास करते हुए कार में बैठ गए, तो बस मालिक ने उनकी कार की चाबी निकाल ली। इसके बाद कार से खींच कर पीटीओ पीटा और उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस बीच वहां भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पीटीओ को किसी तरह बचाया। इस बीच चालक बस लेकर भाग गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने पीटीओ से मारपीट करने वाले पिता-पुत्र को दबोच लिया। उनकी स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया। घटना की वजह से ठंडी सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पीटीओ की तहरीर पर बस मालिक, उसके चालक पुत्र व बस चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक ने बताया कि पीटीओ से मारपीट करने में जहानगंज थानाक्षेत्र के गांव मुरहास निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह व उनके पुत्र विक्की को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें थाने से मुचलके पर छोड़ दिया गया। पकड़ी गई बस व स्कार्पियो को सीज कर दिया गया है।