अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सेंट्रल जेल में हुई कैदी की हत्या के मामले में तीन डॉक्टरों ने पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। कैदी की गला दबा कर हत्या किए जाने की पुष्टि की गई।
थाना मेरापुर के गांव नौली निवासी हरिभान सिंह यादव सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में आजीवन सजा काट रहा था। सोमवार दोपहर हरिभान सिंह का उसकी की बैरक में बंद कैदी जिला जालौन थाना कालपी क्षेत्र के अमर सिंह से पानी फैलाने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी होने पर अमर सिंह ने हरिभान सिंह को पकड़ लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इतना सबकुछ होता रहा लेकिन बंदी रक्षकों ने बचाव की कोई जहमत नहीं उठाई। घटना की सूचना पर जेल प्रशासन के होश उड़ गए।
आनन फानन में इसकी सूचना आला अफसरों को दी गई। सूचना पर अधिकारियों ने जेल में पहुंचकर जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मंगलवार को डॉक्टर अनुराग सिंह, डॉक्टर दीपक कटारिया, डॉक्टर अनुज त्रिपाठी के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हरिभान सिंह की गला दबा कर हत्या किए जाने की पुष्टि की गई। इसके साथ ही शरीर पर गर्दन, पीठ और सीधे हाथ में चोटों के निशान भी पाए गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर चले गए। उधर, फतेहगढ़ कोतवाल दधिबल तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। उसके मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट के माध्यम से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
-तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
-पोस्टमार्टम के दौरान कराई गई वीडियोग्राफी