किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म में न्याय को भटक रहा भाई
फर्रुखाबाद। कमालगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग छात्रा को अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में भाई ने दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस की साठगांठ से एक आरोपी के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया गया। अब पुलिस किशोरी को बालिग साबित करने के प्रयास में जुटी है। पीड़िता के भाई ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। दो दिन में किशोरी के न मिलने पर पूरे परिवार सहित खुदकशी की चेतावनी भी दी।
युवक ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि 16 मई 2018 की रात उसकी नाबालिग बहन का अपहरण कर लिया गया। इस मामले में उसने थाने में दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इसके साथ ही बहन की आयु के लिए उसका हाईस्कूल का अंकपत्र भी लगाया। थानाध्यक्ष ने साठगांठ के चलते 19 मई को एक आरोपी के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया। अब तक उसकी बहन का पता नहीं चल सका। पुलिस ने बहन के नाबालिग होने के बावजूद मुकदमे में पॉक्सो एक्ट नहीं लगाई और मुकदमे में एफआर भी लगा दी। युवक ने बहन की हत्या किए जाने की भी आशंका जताई है। युवक ने प्रार्थनापत्र में दो दिन के अंदर बहन की बरामदगी के साथ न्याय न मिलने पर पूरे परिवार सहित खुदकशी करने की चेतावनी दी है।