कमालगंज थाने में खड़े पकड़े गए जुआरी।
- फोटो : अमर उजाला
कमालगंज। थाना क्षेत्र में गंगा की कटरी में शुक्रवार को दोपहर अमरूद के बाग में छापेमारी की गई। पुलिस ने मैनपुरी के एक चर्चित नेता के भतीजे समेत 10 शातिर जुआरियों को दबोचा। ये कन्नौज, मैनपुरी, औरैया व फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि छापेमारी के दौरान मैनपुरी के थाना बेवर के गांव किशनपुर गढ़िया निवासी दिनेश उर्फ राजा, बेवर थाने के गांव अजितोला निवासी आवेश, आरिफ, कन्नौज जनपद की कोतवाली छिबरामऊ निवासी विजय, छिबरामऊ के मोहल्ला विरतिया निवासी विजय दीक्षित, तिर्वा कोतवाली के गांव नूपुरपुरवा निवासी महेंद्र कुमार, ठठिया थाने के गांव रसूलपुर निवासी प्रमोद, कोतवाली कन्नौज के गांव बरतोरापुर निवासी मुकेश, औरैया जिले के बेला थाने के गांव याकूबपुर निवासी रामबाबू, कमालगंज निवासी संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कुछ भाग गए।
इनके कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 25 ताश की गड्डी, दो लाख 12 हजार रुपये नकद, एक जाइलो कार, एक अल्टो कार, एक बोलेरो, एक अर्टिका, एक स्कार्पियो समेत पांच कारें, तीन बाइकें बरामद कीं। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया है। दिनेश मैनपुरी के एक दबंग नेता का भतीजा है। वहीं एक ने खुद को अधिवक्ता बताया है। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थानेदार का कहना है कि काफी दिन से जुआ होने की सूचना मिल रही थी। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।