कमालगंज। पूजा के लिए आटा व पायलें खरीदने का सराफ को झांसा देकर टप्पेबाज तीन लाख रुपये के जेवर से भरा थैला लेकर फरार हो गए। पड़ोसी व व्यापारी ने टप्पेबाजों की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। थाने में घटना की तहरीर दी गई। पुलिस ने जानकारी से इन्कार किया है।
क्षेत्र के गांव खुदागंज निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक बृजनंदन लाल वर्मा की गांव में मेन रोड पर श्रीराम ज्वैलर्स नाम से दुकान है। दुकान के पीछे वे आटा चक्की भी चलाते हैं। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे बाइक सवार दो युवक उनके घर पहुंचे। युवकों ने कहा कि उन्हें पूजा के लिए पांच किलो आटा व पायलों की जरूरत हैं। इस पर बृजनंदन दुकान की चाबी व जेवर से भरा थैला लेकर युवकों के साथ दुकान पर पहुंचे।
उन्होंने जेवर से भरा थैला चक्की पर रख दिया और युवकों को आटा दिखाया तो वह बोले अब 50 किलो आटा चाहिए। इस पर बृजनंदन आटा पीसने के लिए अंदर से गेहूं लेने गए। इसी बीच मौका पाकर युवक जेवर से भरा थैला लेकर फरार हो गए। बृजनंदन जब बाहर आए तो युवकों और थैला को गायब देख दंग रह गए। उन्होंने पड़ोसियों को बुुलाकर आस-पास क्षेत्र में बाइक सवार युवकों की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका।
रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी देखा गया पर कोई सुराग नहीं लगा। बृजनंदन ने बताया कि थैले में 50 जोड़ी पायलें, आधा किलो खड़ुए, तीन सोने को हाय, 20 नाक के फूल, 8 जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी झाले, आधा किलो बिछिया और चांदी की अंगूठी व दो सोने की अंगूठी थीं। करीब तीन लाख रुपये का सामान था।
उन्होंने बताया कि दोनों युवक दो-तीन दिन पहले उनकी दुकान से दो माला व सोने की हाय खरीद ले गए थे। एक युवक की उम्र करीब 25 साल व दूसरे की करीब 20 साल है। दोनों की लंबाई करीब छह फीट व रंग गोरा है। सराफ ने खुदागंज चौकी में पहुंचकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। चौकी से भी उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं मिली।