फर्रुखाबाद। पॉक्सो एक्ट में छह माह से फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमे में आरोपी उसकी भाभी व भाई की पुलिस तलाश कर रही है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी को दो मई को ब्यूटी पार्लर जाते वक्त एक युवक ले गया था। किशोरी की मां ने रामलीला गड्ढा में रह रहे बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी अभय उर्फ बाबू गिहार, उसकी भाभी आराधना और भाई शेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी को खोज लिया था। डॉक्टरी परीक्षण के बाद दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई। तिकोना चौकी प्रभारी अवधेश अवस्थी ने रविवार दोपहर ढाई बजे रोडवेज बस स्टैंड के पास से अभय उर्फ बाबू गिहार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस अभी तक आरोपी आराधना और शेखर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे किशोरी के परिजनों में आक्रोश है।