राजेपुर (फर्रुखाबाद)। ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह के छह शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने चोरी के छह ट्रैक्टर और तीन ट्राली बरामद की हैं।
थानाध्यक्ष राजेपुर दिनेश कुमार गौतम, एसओजी प्रभारी बलराज भाटी, सर्विलांस प्रभारी जेपी शर्मा की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह गांव दहेलिया के ईंट-भट्ठे के पास दबिश देकर कानपुर देहात थाना मंगलपुर गांव झींझक निवासी जय नरायन कहार, राजस्थान जनपद भरतपुर थाना औद्योगिक नगर मोहल्ला सर्वोदय नगर निवासी बलदेव सिंह फौजदार उर्फ मामा, मथुरा थाना छाता के गांव खायरा निवासी अवधेश कुमार पांडेय, थाना कोसी के मोहल्ला कमलानगर निवासी गजेंद्र पांडेय, थाना छाता के गांव खानपुर निवासी मुकेश पांडेय, औरैया थाना दिबियापुर के गांव खरगपुर निवासी भूरे ठाकुर को पुलिस ने पकड़ लिया।
जबकि इनके साथी कानपुर देहात थाना मंगलपुर गांव झींझक निवासी मोनू ठाकुर, मथुरा थाना छाता के गांव खानपुर निवासी हरीशंकर पांडेय, थाना छाता के गांव खायरा निवासी मुकेश पांडेय पुलिस को चकमा देकर भाग गए। बरामद हुए ट्रैक्टर व ट्रालियों की कीमत 40 लाख रुपये बताई गई।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने थाने में मामले का खुलासा कर गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। इस दौरान सीओ अमृतपुर रवींद्र नाथ राय मौजूद रहे।
पकड़े गए शातिर घटना को अंजाम देने के लिए गांव में जाकर ट्रैक्टर मालिक से संपर्क करते थे। उनका ट्रैक्टर ट्राली सामान लाने के लिए किराए पर लाते थे। रास्ते में चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर ट्रैक्टर ट्राली लेकर चले जाते थे।
शातिर चोरों ने थाना कमालगंज के गांव रजीपुर निवासी मोनू ठाकुर से 27 जून को संपर्क कर जनपद मैनपुरी थाना बेवर से सामान लाने का किराया तय किया। बेवर पहुंचने पर चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। चालक के बेहोश होने पर ट्रैक्टर ट्राली लेकर चले गए। चार दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
थाना राजेपुर के गांव भाऊपुर चौरासी निवासी इंद्रेश का ट्रैक्टर भी इसी तरह मोहम्मदाबाद से मधुमक्खी पालन के डिब्बे लाने के लिए ले गए। वहां इंद्रेश को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चले गए। राजेपुर व मोहम्मदाबाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए इंद्रेश को कई चक्कर लगवाए।
पेट्रोल पंप पर चोरों के सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने लगभग 20 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया था। इसके अलावा जनपद हरदोई, कन्नौज, इटावा व जालौन में चार ट्रैक्टर ट्राली जून व जुलाई में चोरी किए थे।
ट्रैक्टर चोरी में पकड़े गए कन्हैया कहार के खिलाफ जनपद गौतम बुद्धनगर सहित जनपद में पांच मुकदमें दर्ज हैं। बलदेव सिंह फौजदार के खिलाफ जनपद बांदा सहित फर्रुखाबाद में चार मुकदमे हैं।
गजेंद्र पांडेय के खिलाफ जनपद मथुरा सहित फर्रुखाबाद में चोरी, मादक पदार्थ के पांच मुकदमें हैं। अवधेश पांडेय, भूरे ठाकुर, मुकेश पांडेय के खिलाफ जनपद में तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं।