पोस्टमार्टम हाउस में कश्मीर के परिजनों को समझाते कोतवाल। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाकर किसान के परिजनों ने हंगामा कर दिया। पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग करने लगे।
सीएमओ के समझाने पर परिजन शांत हो गए। किसान की फांसी लगने से दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। छाती, पैर, पेट व घुटने पर चोटों के निशान मिले हैं।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव नौधापुर निवासी किसान कश्मीर सिंह राजपूत (36) का शव गुरुवार दोपहर फतेहगढ़ कोतवाली के गांव याकूतगंज में बाग में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था।
चचेरे भाई लाखन ने नौधापुर गांव के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शुक्रवार को किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
किसान के परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट गलत बनाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना पर कोतवाल जय प्रकाश पाल फोर्स के साथ पहुंचे।
कोतवाल ने समझाकर परिजनों की सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार से फोन पर बात कराई। सीएमओ ने उन्हें सही रिपोर्ट बनने का भरोसा दिया, तब परिजन शांत हुए।