फर्रुखाबाद। कन्नौज क्रिकेट एकेडमी ने मंगलवार को अमन सक्सेना एकेडमी को मैच में 63 रन से हरा दिया। अमन सक्सेना एकेडमी की टीम 181 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पांच विकेट लेने पर सलीम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
बढ़पुर ब्लॉक के गांव याकूतगंज स्पोर्ट्स कांपलेक्स में अमन सक्सेना एकेडमी व कन्नौज एकेडमी के बीच क्रिकेट मैच हुआ। कन्नौज एकेडमी टीम के कप्तान रियाज अली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम ने बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर निर्धारित 24 ओवर में 246 रन बनाए।
कन्नौज की टीम की ओर से पारस दुबे ने 55, सचिन कठेरिया ने 43, आशीष पाल ने 37 रन का योगदान दिया। अमन सक्सेना टीम की ओर से फैजान ने दो, अफसर अली व शिवओम ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में उतरी अमन सक्सेना एकेडमी की टीम 24 ओवर में 181 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आर्यन ने 62 व दानिश ने 34 रन बनाए। अन्य खिलाड़ी दस रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। कन्नौज की टीम की ओर से सलीम ने पांच व पारस, विकास, भोला ने एक-एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच सलीम को घोषित किया गया। सीरीज में दोनों टीमें एक- एक के मुकाबले से बराबरी पर चल रही हैं।