फर्रुखाबाद। सीजेएम ने शहर कोतवाल को व्यापारी की शिनाख्त कर होल्ड किए रुपये खाते में ट्रांसफर कराने के आदेश दिए हैं। व्यापारी ने कागज के 70 रिम खरीदने के लिए रुपये ट्रांसफर किए थे। ठगी का अंदेशा होने पर टोलफ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने पर ट्रांसफर किए रुपया होल्ड कर दिया गया था।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खतराना निवासी व्यापारी जितेंद्र गुप्ता ने ए4 कागज के 70 रिम खरीदने के लिए राजस्थान जनपद अजमेर थाना किशनगढ़ क्षेत्र की श्याम इंटर प्राइजेज कंपनी के खाते में 20 अक्तूबर को 11550 रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। फर्म के मोबाइल नंबर पर जितेंद्र गुप्ता ने बात की। उधर से बोल रहे व्यक्ति ने बताया कि इतना ही रुपया खाते में और डालो तभी रिम की सप्लाई भेजी जाएगी। इसके बाद फोन स्वीच ऑफ कर लिया।
जितेंद्र गुप्ता को ठगी का एहसास होने पर उन्होंने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत दर्ज होत ही ट्रांसफर किया रुपया होल्ड कर दिया गया। जितेंद्र गुप्ता ने होल्ड किया रुपया दिलवाने के संबंध में सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। सीजेएम ने पूरे मामले में सुनवाई के बाद शहर कोतवाल को व्यापारी जितेंद्र की शिनाख्त कर होल्ड किया 11550 रुपये खाते में ट्रांसफर कराने के आदेश दिए हैं।