फर्रुखाबाद। घर से दवा लेने निकले दंपती की हथियापुर रेलवे क्रासिंग पर मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। आधा घंटे तक मालगाड़ी मौके पर खड़ी रही। पुलिस का दावा है कि पति को बचाने में पत्नी की भी जान चली गई है।
दंपती की पहचान मऊदरवाजा थाने के गांव नगला गुमटी निवासी जितेंद्र सिंह जाटव (40) और उनकी पत्नी अनीता (34) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस के पहुंचने पर मालगाड़ी रवाना हो गई। जितेंद्र के छोटे भाई मुकेश ने बताया कि भाभी कई साल से बीमार थीं। भाई की दो-तीन साल से तबीयत खराब चल रही थी। शुक्रवार सुबह हथियापुर से दवाई लेने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने आत्महत्या की अथवा दुर्घटनावश चपेट में आ गए, इसकी जानकारी नहीं है।
मऊदरवाजा इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह और सीओ सिटी प्रदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ लोगों का कहना है कि जितेंद्र कुछ आगे था और पत्नी पीछे थी। मालगाड़ी के आने पर जितेंद्र खड़ा हो गया, तो पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी के चलते दोनों की जान चली गई।
पांच बच्चों में प्रियंका, रिंकी की शादी हो चुकी है, जबकि संध्या, हिमांशी और पुत्र रिंकू पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।