राजेपुर। तहसीलदार के सामने भाकियू नेता के जहर खाने के मामले में दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ पुलिस ने जवाबी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। भाकियू नेताओं ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के गेट पर दूसरे दिन धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, प्रधान संघ ने बैठक कर जिलाधिकारी से शिकायत की।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव कमालउद्दीनपुर में बनने वाले आरआरसी की जमीन को लेकर ग्राम प्रधान रीतू पाठक व भाकियू नेता रामनरायण पांडेय में कई माह से विवाद चल रहा है। प्रधान जिस जमीन को ग्राम सभा की बता रहे हैं। भाकियू नेता उसको अपनी जमीन बता रहे हैं। इसको लेकर दोनों पक्ष प्रशासन में शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बुधवार सुबह तहसीलदार कर्मवीर सिंह की अगुवाई में पहुंचे राजस्व कर्मियों ने निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। रामनारयण ने मौके पर जाकर विरोध किया और तहसीलदार के सामने जहर खा लिया। तहसीलदार ने हालत बिगड़ने पर अपनी कार से रामनारायण को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उनको लोहिया भेज दिया गया।
जानकारी पर पहुंचे भाकियू नेता प्रभाकांत मिश्रा व वकील विजय कटियार की तीखी नोकझोंक हुई। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल मौके पर पहुंचे। वहां काफी विवाद हुआ। इसके बाद रामनारायण को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गुरुवार को प्रधान रीतू सहित कई अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर भाकियू नेता थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए।
सीओ अम़तपुर रवींद्र नाथ राय मौके पर पहुंचे और भाकियू नेताओं से वार्ता कर रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिया। पुलिस ने रामनारायण की पत्नी नीता पांडेय की तहरीर पर प्रधान रीतू पाठक, वकील पति सुधांशु पाठक, गांव के देवेंद्र मिश्रा, रामतीरथ पांडेय, अरूणा देवी, नीलम पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें आरोप लगाया कि इन लोगों ने मारपीट कर पिता को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। जानकारी होने पर प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने ब्लाॅक में बैठक कर जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने प्रधान रीतू पाठक की तहरीर पर रामनरायण पांडेय, पत्नी नीता पांडेय, पुत्र देवाशीष पांडेय, पुत्री शोभा पांडेय, संगीता पांडेय फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निवासी वकील अजय कटियार, भाई विजय कटियार, संजीव कटियार, गांव कमालउद्दीनपुर निवासी अनीश उर्फ छोटू, ज्ञानेंद्र उर्फ पिंटू, विपुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप लगाया कि ग्राम सभा की भूमि पर कब्जा कर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने व लेखपाल का वीडियो बनाते समय मोबाइल तोड़ दिया। जहर खाकर सभी को मुकदमे में फंसाने की बात कहकर धमकी दी। सीओ अमृतपुर रवींद्र नाथ राय ने बताया कि जवाबी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल का नाम हटाने पर दर्ज हुआ मुकदमा
रामनारायण की पत्नी नीता पांडेय ने प्रधान रीतू व उनके पति सहित तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। गुरुवार को तहरीर से तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल के नाम हटाने के बाद पुलिस ने प्रधान सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आचार संहिता के उल्लंघन में 39 के खिलाफ मुकदमा
राजेपुर थाने के दीवान सत्यप्रकाश ने लोकसभा चुनाव के चलते लागू आचार संहिता के उल्लंघन में भाकियू के कानपुर मंडल के उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा, जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, नीता पांडेय, वकील अजय कटियार, रामबरन राजपूत, अनीश उर्फ सोनू, विपुल कुमार, रामकरण, छविनाथ व तीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि आचार संहिता का उल्लंघन कर सभी लोग थाने के गेट पर धरना प्रदर्शन करते रहे।