फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद में 1.79 करोड़ के निर्माण कार्य के टेंडर खुलने से डेढ़ घंटे पहले ही लोकसभा चुनाव का बिगुल बज गया। चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो गई। लिहाजा टेंडरों को खोलने का काम रोक दिया गया। इससे निर्माण कार्य परिणाम के दिन तक के लिए रुक गए।
नगर पालिका ने 24 फरवरी को 12 निर्माण कार्यों के टेंडर निकाले थे। इनमें सड़कों की इंटरलॉकिंग, लाल सराय में टेंपो स्टैंड के लिए इंटरलॉकिंग कार्य, नौलक्खा में नाला निर्माण, पटेल पार्क के सामने पार्किंग में इंटरलॉकिंग के अलावा रोडवेज बस स्टैंड का सुंदरीकरण भी शामिल था। इनमें 16 मार्च की शाम तीन बजे तक निविदा ऑनलाइन अपलोड करने का समय दिया गया था। उसी दिन शाम साढ़े चार बजे खोलना था, मगर तीन बजे ही चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा कर दी। इससे आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। लिहाजा करीब 1.79 करोड़ रुपये के विकास कार्य रुक गया। अब इन टेंडरों को मतगणना के बाद ही दोबारा खोला जाएगा।